मैनपुरी/करहल
20 मई 2026
मैनपुरी-करहल आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा,सोनौली डिपो की बस ट्रक से टकराई, संतकबीरनगर के यात्री की मौत,22 घायल ।
आज सुबह करीब 3:32 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किमी 86.700 पर भीषण सड़क हादसा हो गया।
नेपाल बॉर्डर सोनौली से दिल्ली जा रही सरकारी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
हादसे में बस में सवार संतकबीरनगर निवासी एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि 22 यात्री घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक करहल प्रदीप कुमार पाण्डेय ने बताया कि 14 चक्का ट्रक संख्या RJ-05-GB- 2456 लखनऊ से आगरा की ओर जा रहा था।
उसी दौरान पीछे से आ रही सोनौली डिपो,महाराजगंज की बस संख्या UP-78-KT-2028, जिसमें 35 से 38 यात्री सवार थे,किमी 86.700 पर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार सुनील शर्मा पुत्र विदर देव शर्मा निवासी ग्राम झकही चक बेलदुहा,पोस्ट मोलनापुर सनीचर,जिला संतकबीरनगर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में 20 यात्रियों को हल्की चोटें आईं और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पीजीआई सैफई भिजवाया गया है ।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय मय हमराही फोर्स के मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी करहल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार बाकी यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया है। क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया जा रहा है।
रिपोर्ट-अजय कुमार
खबर एक्सपर्ट
मैनपुरी



















