मैनपुरी,
03 मई 2026
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की निराशाजनक प्रगति पर जिलाधिकारी डॉ.इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गहरी नाराजगी जताई है।
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में यूपीडा,तहसील भोगांव व किशनी के एसडीएम, तहसीलदारों,लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को एक सप्ताह में बैनामों की प्रगति सुधारने का अल्टीमेटम दिया।
*”SDM खुद मौके पर जाकर करें किसानों से संवाद”*
डीएम ने कहा कि एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति बेहद खराब है।
एसडीएम,तहसीलदार और संबंधित ग्रामों के लेखपाल अपने क्षेत्र के किसानों से सीधा संवाद कर बैनामे कराएं। जहां भी अवरोध हो,एसडीएम स्वयं मौके पर जाकर किसानों की समस्या सुनें और समाधान करें।
अगले एक सप्ताह में अधिक से अधिक बैनामे सुनिश्चित किए जाएं।
“बैनामे के तुरंत बाद हो भुगतान,खतौनी की गलती कैंप लगाकर सुधारें”
डॉ.त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित हो और बैनामा हो जाए,उन्हें तत्काल सर्किल रेट पर भुगतान किया जाए।
बैनामे के बाद भुगतान में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
लेखपालों से कहा कि गांव में कैंप लगाकर खतौनी में गलत दर्ज नामों को साक्ष्य के आधार पर तुरंत ठीक कराएं, ताकि बैनामे में परेशानी न हो,किसानों की समस्या का पहले अपने स्तर पर समाधान करें,न हो तो एसडीएम को बताएं।
किशनी-भोगांव में सबसे खराब हालत:
समीक्षा में सामने आया कि तहसील किशनी के 15 गांवों में 217 हेक्टेयर भूमि खरीदी जानी है,जिसके सापेक्ष अब तक मात्र 62 हेक्टेयर के ही बैनामे हुए हैं।
तहसील भोगांव के 12 गांवों में 141 हेक्टेयर के सापेक्ष केवल 47 हेक्टेयर के बैनामे हुए हैं।
इन 27 गांवों में होनी है भूमि अधिग्रहण:
तहसील भोगांव-छबीलेपुर,कमालपुर महमूदिया, अकबरपुरबिकु,रामनगरिया,चनेपुर,मुडई,वहदीनपुर,पटना टिलुआ,दुर्जनपुर,हुसैनपुर,हाजीपुर वरान,घूसमपुर।
तहसील किशनी:-धमियापुर,तरिहा,ख्वाजापुर,शिवसिंहपुर, बहरामऊ,अहमलपुर,टोडरपुर,नगला कले,नगला गये,नगला पाण्डे, कैथपुर,रठेह,सींगपुर,नगला बले,महोली शमशेरगंज।
डीएम ने दोनों उपजिलाधिकारियों को लीडरशिप लेकर बैनामों की प्रगति में तेजी लाने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद,एसडीएम किशनी गोपाल शर्मा,एसडीएम भोगांव नीरज कुमार द्विवेदी, सहायक महानिबंधक स्टाम्प पवित्र कुमार,एलबीसी वीरेश पाठक सहित संबंधित ग्रामों के लेखपाल व राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अजय कुमार
खबर एक्सपर्ट
मैनपुरी


















