मैनपुरी-प्रेस क्लब भवन पर कब्जा,पत्रकारों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन,नवनिर्माण की मांग।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों को मैनपुरी में अपने ही प्रेस क्लब भवन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
राधा रमन रोड स्थित प्रेस क्लब भवन पर अराजक तत्वों ने कब्जा कर लिया है। तोड़फोड़ के बाद से भवन जर्जर हालत में है,इसी को लेकर प्रेस क्लब मैनपुरी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भवन को कब्जा मुक्त कराने और नवनिर्माण की मांग की है।
मैनपुरी के राधा रमन रोड पर कुछ समय पहले प्रेस क्लब की स्थापना की गई थी,आरोप है कि स्थानीय अराजक तत्वों ने प्रेस क्लब भवन के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं और भवन पर अवैध कब्जा कर लिया। तब से अब तक पत्रकार बिना कार्यालय के काम करने को मजबूर हैं। किसी संगठन ने इस मुद्दे पर आवाज नहीं उठाई।
आखिरकार प्रेस क्लब मैनपुरी के जिलाध्यक्ष अर्पित चतुर्वेदी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रेस क्लब भवन को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए। साथ ही जर्जर हो चुके भवन के नवनिर्माण के लिए शासन और प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाई जाए।
पत्रकारों का कहना है कि प्रेस क्लब भवन बनने से सभी मीडियाकर्मी एक छत के नीचे बैठकर सुचारू रूप से कार्य कर सकेंगे और खबरों का समय से प्रसारण व प्रकाशन हो सकेगा। अब देखना है कि प्रशासन इस पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।
रिपोर्ट-अजय कुमार
खबर एक्सपर्ट
मैनपुरी



















