मैनपुरी
21 अप्रैल 2026
नवागत जिलाधिकारी डॉ.इंद्रमणि त्रिपाठी ने कार्यभार ग्रहण करते ही स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों और स्वास्थ्य अधिकारियों से दो टूक कहा कि विभाग का काम सिर्फ इलाज देना नहीं,बल्कि जनजीवन में वास्तविक बदलाव लाना है।
‘आउटपुट’ नहीं,’आउटकम’ पर फोकस करें :-
डीएम ने कहा कि अब समय आ गया है कि केवल संख्यात्मक उपलब्धियों तक सीमित न रहकर वास्तविक परिणामों पर फोकस किया जाए।
अधिकारी नवाचार अपनाएं और सुनिश्चित करें कि योजनाओं का सीधा लाभ आमजन तक पहुंचे,तभी जनता का स्वास्थ्य विभाग के प्रति नजरिया बदलेगा।
लापरवाही पर कार्रवाई,नोटिस जारी:-
सीएचसी करहल में मात्र 40% सेशन आयोजित होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण तलब।
संचारी रोग अभियान में झाड़ियों की कटाई,जल निकासी और नालियों की सफाई में लापरवाही पर ADO कुरावली को कारण बताओ नोटिस।
पंचायत स्तर तक पहुंचेंगे स्वास्थ्य शिविर:-
डीएम ने निर्देश दिए कि टीबी,नेत्र परीक्षण,सामान्य रोगों की जांच और लैब टेस्ट के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं।
प्रत्येक पंचायत तक चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं ताकि कोई ग्रामीण क्षेत्र वंचित न रहे,हर नई पंचायत में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सतत प्रक्रिया के रूप में किया जाए।
जन औषधि केंद्र रात में भी खुलेंगे:-
डीएम ने कहा कि सस्ती दवाओं के लिए जन औषधि केंद्रों को सीमित समय तक चलाना पर्याप्त नहीं है। आपात स्थिति में लोगों को परेशानी न हो,इसके लिए रात्रिकालीन दवा उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर:-
‘किशोरी मंच’ के माध्यम से किशोरियों को जागरूक कर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाए। सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान में किशोरियों को प्राथमिकता दी जाए और व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
रोजाना जूम मीटिंग से होगी समीक्षा:-
डीएम ने कहा कि प्रत्येक कार्य दिवस सुबह 10 बजे जूम मीटिंग से योजनाओं की समीक्षा होगी। नियमित टीकाकरण पर नाराजगी जताते हुए बताया कि जनपद में सिर्फ 87% बच्चों का पूर्ण टीकाकरण हुआ है। सभी BHND सत्र नियमित हों और हर लक्षित बच्चे को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए टीका लगाया जाए।
संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत हों:-
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत प्रसव संस्थागत हों।
प्रसूताओं को समय से नाश्ता,खाना और डिस्चार्ज पर 102 एंबुलेंस से घर छोड़ने की सुविधा मिले।
बैठक में जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, अंधता निवारण,परिवार नियोजन,आयुष्मान भारत,राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम,क्षय रोग उन्मूलन योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में मौजूद CDO नेहा बंधु, CMO डॉ. आर.सी. गुप्ता, PD सत्येन्द्र सिंह,डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, ACMO डॉ. अनिल वर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.आशुतोष, SMO डॉ. वीपी सिंह,CMS डॉ.धर्मेन्द्र कुमार, DIOS सतीश कुमार समेत समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट अजय कुमार
खबर एक्सपर्ट
मैनपुरी
मो0-8433480854



















