मैनपुरी
19 फरवरी,2026
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तहसील भोगांव के निरीक्षण के लिए तहसील पहुंचे तो उप जिलाधिकारी भोगांव कक्ष के बाहर अलीपुर खेड़ा नि. राममूर्ति पत्नी बाबूराम वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए प्रार्थना पत्र लेकर खड़ी थी, उन्होंने वृद्ध महिला से तत्काल प्रार्थना पत्र लेकर उप जिलाधिकारी भोगांव को उपलब्ध कराते हुए निर्देशित किया कि प्राथमिकता पर पात्रता की जांच कर पात्र होने की दशा में औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रार्थना पत्र जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिला समाज कल्याण अधिकारी तत्काल पेंशन स्वीकृत करने की कार्यवाही करें।
उन्होंने उप जिलाधिकारी से कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं का कोई आवेदन तहसील स्तर पर निर्धारित समय-सीमा के उपरांत लंबित न रहे ।
वृद्धावस्था,निराश्रित महिला, दिव्यांग पेंशन के साथ अन्य योजनाओं के आवेदन पत्रों पर तत्काल कार्यवाही करें,कोई भी पात्र व्यक्ति वृद्धावस्था,निराश्रित महिला,दिव्यांग पेंशन का लाभ पाने से वंचित न रहे।
उन्होंने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार से कहा कि किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कराना सुनिश्चित करें, जन-सुनवाई पोर्टल प्रणाली, जिलाधिकारी जन सुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण किया जाए ।
किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के निदान के लिए भटकना न पड़े,सुनिश्चित किया जाए।
श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर के साथ शौचालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा साथ ही उन्होंने बाथरूम की छत से टपक रहे पानी के कारण दीवार पर आ रही सीलन पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कराने,उप जिलाधिकारी कक्ष के बाहर लिखे विश्राम कक्ष के स्थान पर उप जिलाधिकारी कार्यालय लिखवाये जाने के निर्देश भी दिए।
तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान धारा-34 की सबसे पुरानी 03 पत्रावलियों का अवलोकन करने के दौरान तहसीलदार को निर्देशित किया कि पुराने वादों पर जल्दी-जल्दी तिथि देकर निस्तारण करें, दायरा के अनुसार वादों का निस्तारण किया जाए,संग्रह अनुभाग के निरीक्षण के दौरान पाया कि संग्रह अनुभाग में अमीनवार बस्ते में पत्रावलियां रखी गई हैं,उन्होंने संग्रह अमीन प्रेमचंद का बस्ता खुलवाकर 1430 फसली खतौनी का अवलोकन किया,रोकड़ बही के साथ लंबित आर.सी. विविध देय, बैंक देय,विद्युत देय,स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन,आबकारी देय की बकाया राशि की जानकारी करने पर पाया की तहसील भोगांव में विविध देय का रू. 01.85 करोड़ की वसूली की जानी है ।
तहसील भोगांव में 06 अमीन एवं 13 संग्रह सेवक कार्यरत है, जिस पर उन्होंने अमीनों से निर्धारित मानक के अनुसार वसूली कराने,अमीनवार वसूली की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश उप जिलाधिकारी, तहसीलदार को दिए।
जिलाधिकारी ने आपूर्ति अनुभाग के निरीक्षण के दौरान पाया कि तहसील भोगांव क्षेत्रांतर्गत 119 ग्राम पंचायत में 197 राशन की दुकानें संचालित हैं, तहसील क्षेत्र में कोई राशन की दुकान रिक्त नहीं है,एक नई दुकान का प्रस्ताव होना शेष है, जिस पर उन्होंने तत्काल नई दुकान का प्रस्ताव कराये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में समय से खाद्यान्न ई-पॉश मशीन के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए,समय से राशन वितरण न करने वाले, घटतौली करने वाले राशन डीलर के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।
भू-लेख कक्ष के निरीक्षण के दौरान लेखपाल नीरज सिंह को निर्देशित करते हुए कहा कि आर-06 में प्रविष्टि करते समय नाम,पता अंकित करने पर विशेष सावधानी बरती जाए।
ग्राम मुडई की धारा 34 पर तहसीलदार द्वारा मार्च 25 में किए गए आदेश की प्रविष्टि का स्वयं अवलोकन भी किया।
उन्होंने अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान पाया की तहसील भोगांव में परगना बेवर,अलीपुर खेड़ा,भोगांव के साथ आंशिक रूप से किशनी के भी बस्ते उपलब्ध हैं,परगना देवर के बस्ते नीले रंग के कपड़े में,परगना अलीपुर खेड़ा के बस्ते बैंगनी कलर के कपड़े में एवं परगना भोगांव के बस्ते हरे कलर के कपडे में बांधकर रखे गए हैं,अभिलेखागार प्रभारी ने बताया कि वाद संबंधी पत्रावलियां कलेक्ट्रेट अभिलेखागार में जमा कराई जाती है,तहसील अभिलेखागार में पुरानी खतौनी आर-06 की पत्रावलियां एवं गार्ड फाइल उपलब्ध हैं।
उन्होंने अभिलेखागार में वर्ष 1995-96 की गार्ड फाइल का अवलोकन भी किया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी भोगांव संध्या शर्मा, उप जिलाधिकारी न्यायिक शिवनरेश,तहसीलदार भोगांव गौरव दयाल के अलावा अनिल कुमार सक्सेना,अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अजय कुमार
खबर एक्सपर्ट
मैनपुरी
















