मैनपुरी
मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बागपुर में कल शाम रास्ते के विवाद ने एक ही परिवार के दो पक्षों में हुई मारपीट में एक वृद्धा की हत्या कर दी गई।
वृद्धा का पति भी गंभीर रूप से घायल है। आरोपी पक्ष फरार हो गया है। पुलिस ने देर शाम को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्राम प्रधान व उसके भाई सहित परिवार के छह लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बागपुर निवासी सुरेंद्र सिंह का उनके घर से कुछ दूरी पर रहने वाले परिवार के ही दूसरे पक्ष से रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
कल देर शाम सुरेंद्र सिंह अपनी विक्की गाड़ी से खेतों से घर लौट रहे थे। गली में दूसरे पक्ष के घर के सामने भैंस बंधी थी। सुरेंद्र सिंह ने उसे हटाने को कहा तो आरोपियों ने उन सभी के ऊपर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
हमले में सुरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी गंगाश्री लाठी लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी बेवर लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने गंगाश्री को मृत घोषित कर दिया। वृद्धा की मौत होते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना स्थल पर एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, सीओ व अन्य अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। मौके से साक्ष्य जुटाए गए।
मृतका के बेटे अरुण कुमार की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान नीरज,उसके भाई मुख्य आरोपी सुनील,सुनील की पत्नी रेखा देवी व बृजेश, दीपक और संजीव के खिलाफ हत्या की तहरीर दी।
देर रात इनके खिलाफ बेवर थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ। पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया । पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के पति सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रास्ते के इसी विवाद को लेकर वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके थे। उन्होंने 13 मई को मुख्यमंत्री और जनपद के अन्य अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिया था,लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
अगर,अधिकारी सचेत हो जाते तो विवाद इतना नहीं बढ़ता और उनकी पत्नी की इस बेरहमी से हत्या नहीं की गई होती।
पुलिस-प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के चलते आरोपियों को बल मिला। आरोपियों के पक्ष से ग्राम प्रधान, जो कि उनके परिवार का सदस्य है। वह दबाव डालता था।
रिपोर्ट-अजय कुमार
खबर एक्सपर्ट
मैनपुरी



















