इटावा
भौतिकवाद की दौड़ में मानवता भटक रही है- जगरामाचार्य
आज की भौतिकवादी जीवनशैली में मानवता अपने मूल्यों से भटक रही है। परिवार टूट रहे हैं,आपसी भाईचारा खत्म हो रहा है,और नफरत ने समाज में अपनी जगह बना ली है। यह विचार मानव कल्याण सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगरामाचार्य ने श्याम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा,”लोग धन के पीछे भाग रहे हैं और संस्कार भूलते जा रहे हैं। धन से बिस्तर तो मिल सकता है, लेकिन नींद नहीं।
व्यंजन खरीद सकते हैं,लेकिन भूख नहीं। पश्चिमी सभ्यता की अंधी दौड़ ने हमारे रिश्तों को तोड़ दिया है।भाई-भाई से झगड़ रहा है, पिता-पुत्र के बीच तालमेल नहीं है।”
जगरामाचार्य ने कहा कि सुखी जीवन के लिए ऊंच-नीच के भेदभाव से दूर,प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण की आवश्यकता है।
उन्होंने श्रीमद्भागवत का उदाहरण देते हुए कहा, “दम्पतिनांच कल्कनं” यानी पति-पत्नी के बीच भी कलह बढ़ रहा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि समता और सरलता ही सुखी जीवन का मूलमंत्र है।
संस्कारों पर शिक्षा के साथ जोर
सभा में मानव कल्याण सेवा समिति के राष्ट्रीय महासचिव जगदीश यादव ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को आवश्यक बताया।
उन्होंने कहा कि संस्कारों के अभाव में जीवन नर्क बनता जा रहा है।
समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष वीके सिंह ने मानव मूल्यों की स्थापना के लिए लोगों से समिति से जुड़ने की अपील की।
जिलाध्यक्ष माकसेस इटावा श्रीनारायण,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.सुमन यादव,और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने भी अपने विचार रखे।
सभा का संचालन सुरेंद्र सिंह ने किया, जबकि डॉ. एस.एन. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
संस्कार और मानव मूल्यों की स्थापना के लिए पहल
सभा में उपस्थित वक्ताओं ने वर्तमान समाज में बढ़ती नफरत और टूटते रिश्तों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने धन के पीछे भागने की प्रवृत्ति को समाज की अनेक समस्याओं की जड़ बताया। सभी ने संस्कार,समता,और प्रेमपूर्ण जीवन को ही सुख और शांति का आधार बताया।
खबर एक्सपर्ट
रिपोर्ट-अजय कुमार